किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत दाँगी ने किसानों से यात्रा में शामिल होने की अपील की
Vidisha। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश भर में निकाली जा रही किसान जन आंदोलन यात्रा के क्रम में विदिशा जिले में भी इस ऐतिहासिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
-
यह जानकारी देते हुए विदिशा किसान कांग्रेस अध्यक्ष विनीत दाँगी ने बताया कि यह यात्रा 8 जनवरी, गुरुवार को शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के देवखजूरी ब्लॉक के ग्राम देवखजुरी में भैरोंबाबा मंदिर से सुबह 11 बजे प्रारंभ होगी।
Vidisha जिलाध्यक्ष किसान कांग्रेस विनीत दाँगी ने कहा—
“किसान आज गंभीर संकटों से जूझ रहा है। महंगाई, कम समर्थन मूल्य, नकली बीज-खाद और फसलों के नुकसान ने उसकी कमर तोड़ दी है। किसान जन आंदोलन यात्रा किसानों की आवाज़ को एकजुट कर सत्ता के गलियारों तक मजबूती से पहुँचाने का माध्यम बनेगी। कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में अन्नदाता के साथ खड़ी है।”
उन्होंने Vidisha जिले के सभी किसानों, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, समस्त मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
यात्रा के दौरान उठाई जाएंगी किसानों की प्रमुख मांगें—
गेहूं की MSP ₹4000 प्रति क्विंटल
धान की MSP ₹4000 प्रति क्विंटल
सोयाबीन की MSP ₹6000 प्रति क्विंटल
मक्का की समर्थन मूल्य पर अनिवार्य खरीदी
नकली बीज एवं खाद बेचने वालों पर सख्त कानून
खाद की समय पर एवं पर्याप्त उपलब्धता
भूमि अधिग्रहण में बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा
लैंड पूलिंग एक्ट समाप्त किया जाए
जंगली जानवरों एवं आवारा मवेशियों से फसल नुकसान पर मुआवजा
बिजली विभाग द्वारा किसानों पर बनाए गए झूठे प्रकरण रद्द किए जाएं
Vidisha जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि जिले में यात्रा को सफल बनाने हेतु सभी विधानसभा क्षेत्रों के यात्रा प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जो पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किसानों के मुद्दों को जन-जन तक पहुँचाएंगे।
उन्होंने कहा कि—
“नई ऊर्जा, अटूट एकजुटता और संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी किसानों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई निर्णायक रूप से लड़ेगी। किसान का सम्मान ही देश का अभिमान है।”